अगली ख़बर
Newszop

दूल्हा बनने से पहले ही दर्दनाक मौत, शादी की शॉपिंग कर लौट रहे शख्स का यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा

Send Push
ज्योति शर्मा, मथुरा: यूपी के मथुरा में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में शादी की खरीदारी कर लौट रहे दो सगे भाइयों में से बड़े भाई की दूल्हा बनने से पहले मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब उनकी बाइक डिवाइडर से टकराई और पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया।



जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद के महादेव नगर निवासी मनीष (25 वर्ष) अपने छोटे भाई नारायण सिंह के साथ दिल्ली के कीर्ति नगर से अपनी शादी का सामान खरीदकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। मोटरसाइकिल नारायण चला रहा था। यमुना एक्सप्रेसवे पर बलदेव थाना क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 126 के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों भाइयों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूल्हा बनने से पहले ही मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नारायण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।



हादसे की सूचना मिलने पर पीआरवी, बलदेव थाने की पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना सचान ने बताया कि घायल नारायण को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक मनीष के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।



पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि मनीष की शादी आगामी 3 नवंबर 2025 को शिकोहाबाद में तय थी और घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। मनीष और नारायण इसी सिलसिले में खरीदारी करने दिल्ली गए थे।



इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही फिरोजाबाद स्थित महादेव नगर में परिजनों और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल छा गया है। मनीष के पिता राकेश और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियाँ मातम में बदल जाने से हर कोई स्तब्ध है।

न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें